दीवानगी: कलेक्ट्रेट में प्रेम प्रसंग को लेकर होता रहा हंगामा, पुलिस ने बामुश्किल कराया समझौता

दीवानगी: कलेक्ट्रेट में प्रेम प्रसंग को लेकर होता रहा हंगामा, पुलिस ने बामुश्किल कराया समझौता
Spread the love

 

पहले से शादीशुदा ही नहीं, बाल-बच्चे वाला भी था प्रेमी युगल

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी पिथौरागढ़ निवासी एक महिला ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर हंगामा किया। महिला ने आत्महत्या करने की धमकी भी दी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और महिला को समझाने के बाद वाहन से वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र का एक विवाहित युवक और पिथौरागढ़ निवासी महिला लंबे समय से गुरुग्राम में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों की दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। करीब एक साल से दोनों गुरुग्राम में साथ रह रहे थे। तीन दिन पहले युवक अपने गांव लौट आया। इसकी जानकारी मिलने पर महिला भी उसके पीछे अल्मोड़ा पहुंच गई और उसके साथ रहने की जिद करने लगी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए एक दिन पहले कोतवाली में बातचीत कर समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद महिला अपनी बात रखने के लिए एसडीएम के पास पहुंची। यहां विवाद बढ़ने पर उसने हंगामा शुरू कर दिया। महिला की जिद और लगातार चिल्लाने से कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इससे पहले भी महिला के पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने की सूचना पुलिस को आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के माध्यम से मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को महिला कोतवाली ले आई, जहां उसने हंगामा किया। बाद में पुलिस कर्मियों ने महिला को वाहन में बैठाकर वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया। महिला का पुत्र भी उसके साथ था। बुधवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद मामला शांत हुआ। प्रभारी महिला कोतवाली अल्मोड़ा जानकी भंडारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। युवक का शांति भंग के तहत चालान किया गया है, जबकि महिला को सुरक्षा की दृष्टि से उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का एक पुत्र है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं।

Parvatanchal