धोखाधड़ी: साइबर ठगों ने चार लोगों को लगा दिया 14.74 लाख रुपए का चूना, जांच शुरू
देहरादून(आरएनएस)। साइबर ठगी रोकने को लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के बावजूद ठग रोजाना नए-नए तरीकों से लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ा रहे हैं। जिले के रायपुर, पटेल नगर और नेहरू कॉलोनी थानों में दर्ज चार अलग-अलग मामलों में जालसाजों ने कुल 14,74,372 रुपये की चपत लगा दी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है। शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा दे 9.59 लाख हड़पे।
शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी
आमवाला तरला निवासी उत्कर्ष नेगी से बेंगलुरु की कंपनी से जुड़ा बनाकर साइबर ठगों ने संपर्क किया। आरोपी विवेक शुक्ला व उसके साथी सृष्टि और प्रशांत ने उन्हें क्लाइंट कोड आवंटित कर झांसे में लिया और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 9.59 लाख रुपये ऐंठ लिए। जालसाजों ने फर्जी एनएसई क्लोजर स्टेटमेंट जारी कर 29.21 लाख रुपये की निकासी दिखाई और निकासी के नाम पर 3.09 लाख रुपये अतिरिक्त मांगने लगे। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पटेलनगर और नेहरू कॉलोनी के अन्य मामले
बंजारावाला, मोनाल एन्क्लेव निवासी सुरेंद्र सिंह से को साइबर ठगों ने 1.76 लाख रुपये का चूना लगाया। वहीं, कारबारी पटेलनगर निवासी श्वेता थापा के खाते से साइबर ठगों ने दो लाख रुपये साफ कर दिए। दोनों मामलों में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। उधर, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के डिफेंस कॉलोनी में नासिक से अपनी बहन के घर आई मनीषा सुरेश केलकर के सिटी यूनियन बैंक खाते से 22 अक्तूबर को मात्र डेढ़ घंटे के भीतर पांच किश्तों में 1.39 लाख की साइबर ठगी हुई।

