शिकंजा: होटल की आड़ में चला रहे थे देह व्यापार, मालिक और महिला कर्मचारी गिरफ्तार
रुद्रपुर। देह व्यापार में संलिप्त एक महिला व पुरुष को पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन, नगदी व आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार, बीते रोज एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एन.के.एन होटल एंड मसाज सेंटर के मालिक द्वारा होटल में गरीब और सीधी सादी युवतियों को बुलाकर काफी समय से अनैतिक धंधा कराया जा रहा है। इसके लिए युवतियों की फोटो को व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को भेज कर युवतियों के दाम लगाए जा रहे हैं, जिससे शहर का माहौल काफी खराब हो रहा है। बताया गया कि होटल मालिक द्वारा एक युवती, जो बाहरी राज्य की रहने वाली है को अपने होटल में रखा गया है। वह दिन रात होटल में ग्राहकों को बुलाकर अनैतिक कार्य कर रही है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए एंटी हयूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा तत्काल उक्त होटल में छापेमारी की गई तो होटल में होटल मालिक और युवती को अनैतिक कार्य करते मौके पर पकड़ा गया। उनके मोबाइल चेक करने पर पता चला कि व्हाट्सएप के माध्यम से कई मोबाइल नंबरों पर कई युवतियों की फोटो भेज कर युवतियों के दाम लगाये जाते हैं। पकड़ी गई युवती द्वारा अपने मोबाईल से वॉट्सएप से अपनी स्वयं की और अन्य कई युवतियों की फोटो को कई ग्राहकों को भेजकर पैसों की मांग करना पाया गया। पूछताछ पर युवती द्वारा बताया गया कि वह वेस्ट बंगाल की रहने वाली है और यहां काफी समय से होटल मालिक के साथ मिलकर अधिक पैसा कमाने के लालच में यह अनैतिक कार्य करती है । अनैतिक कार्य का आधा आधा हिस्सा दोनो बांट लेते हैं। लोगों को शक न हो, इसलिए होटल के ढाबे में काम करने का बहाना बनाकर दिन रात होटल में रहकर अनैतिक कार्य करती है। मौके से काफी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। अनैतिक कार्य करते पाए जाने पर होटल मालिक व युवती के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत थाना ट्रांजिट कैंप में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार लोगों के नाम नितई सरकार पुत्र सुधीर सरकार, निवासी कौशलगंज, तहसील बिलासपुर थाना- बिलासपुर, जिला- रामपुर, उत्तर प्रदेश हाल एन के एन होटल एंड मसाज सेंटर, ट्रांजिट कैंप व लक्ष्मी दास उर्फ काजल, पुत्री पवित्र दास, निवासी- पूर्वा पानीखाया मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया जा रहा है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

