खुलासा: पिता बेचते हैं लिट्टी-समोसा, बेटा निकला शूटर, टाइगर श्रॉफ केस में पकड़े गए ऋतिक की लग्जरी लाइफ ने उड़ाए होश
मुंबई (आरएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार हुए आरोपी ऋतिक की हैरान कर देने वाली दोहरी जिंदगी सामने आई है। बिहार के बेगूसराय के एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले ऋतिक की सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल और उसके पारिवारिक परिवेश के बीच का फासला देखकर पुलिस और आम लोग भी दंग हैं। एक तरफ जहां उसके पिता गांव में लिट्टी-समोसे का ठेला लगाते हैं, वहीं दूसरी तरफ ऋतिक सोशल मीडिया पर महंगी गाड़ियों, टैटू, जिम वीडियो और ठाठ-बाट वाली रील्स से युवाओं को आकर्षित कर रहा था।
‘ऋतिक लाइफस्टाइल’ नाम से चलाता था प्रोफाइल, फॉलो करता था सिर्फ एक अकाउंट
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऋतिक इंस्टाग्राम पर ‘ऋतिक लाइफस्टाइल’ के नाम से अकाउंट चलाता था, जिस पर उसके 7 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि वह खुद सिर्फ एक ही पेज को फॉलो करता था, जो संत प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज का आधिकारिक अकाउंट ‘भजन मार्ग ऑफिशियल’ है। उसकी प्रोफाइल पर मौजूद वीडियो और तस्वीरों में वह ब्रांडेड कपड़ों, बॉडी टैटू और महंगी गाड़ियों के साथ पोज देता नजर आता है। दिल्ली में कई साल बिताने के बाद पिछले छह महीने से वह मुंबई में रहकर कुकिंग और रैपिडो राइडर का काम कर रहा था, लेकिन उसकी सोशल मीडिया रील्स किसी रईसजादे से कम नहीं दिखती थीं।
बेगूसराय में नाश्ते की दुकान चलाते हैं पिता, मां करती हैं श्रृंगार का काम
ऋतिक का पारिवारिक इतिहास पूरी तरह मध्यमवर्गीय और सादगी से भरा है। उसका परिवार मूल रूप से बेगूसराय के मटिहानी क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल डुमरी में रहता है। उसके पिता रामू महतो पिपरा गांव में लिट्टी-समोसे और नाश्ते की छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का पेट पालते हैं, जबकि मां संयुक्ता देवी एक छोटी सी मेकअप की दुकान संभालती हैं। परिवार में ऋतिक के अलावा एक छोटा भाई और बहन भी हैं। घर की तंगहाली के बावजूद ऋतिक की हाई-प्रोफाइल जिंदगी और महंगे शौक देखकर अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह मुंबई में किसी बड़े अंडरवर्ल्ड या गैंगस्टर सिंडिकेट के संपर्क में आ गया था, जिसने उसे पैसों का लालच देकर अपराध की दलदल में उतारा।
शादी की चल रही थी तैयारी, मां ने बाइक के लिए भेजे थे 41 हजार
परिजनों के अनुसार, मुंबई में रहते हुए ऋतिक को एयरपोर्ट पर काम करने वाली ज्योति नाम की युवती से प्रेम हो गया था और दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे। ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने रोते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में बेटे को नई बाइक खरीदने के लिए 41 हजार रुपये भेजे थे। 18 अक्टूबर को ऋतिक ने अपनी मंगेतर को ट्रेन में बैठाया था, जिसके बाद उसका फोन अचानक बंद हो गया और बाद में मुंबई पुलिस से उसकी गिरफ्तारी की खबर मिली। मां का दावा है कि उनके सीधे-सादे बेटे को दोस्तों ने लालच देकर बरगलाया है या फिर उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। फिलहाल पुलिस ऋतिक के वित्तीय लेन-देन, सोशल मीडिया संपर्कों और शूटर गिरोह के असली सरगना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

