कामयाबी: दो साल से फरार चल रहा आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार, फर्जी मुख़्तारनामा बनाने का है आरोप
विकासनगर। देहरादून पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हरियाणा निवासी जमीन मालिक के नाम का फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उसकी जगह खुद को पेश करने और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का फर्जी मुख्तारनामा बनवाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इसी मुख्तारनामे के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी। आरोपी की पहचान उदित कुमार वर्मा (33) निवासी मंडी क्षेत्र, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अरुण कुमार ने 28 जून 2024 को कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गुरुबचन सिंह, मनुष, कमल सिंह, चमन कुमार और पूरण सिंह ने मिलकर उनका फर्जी आधार कार्ड तैयार किया और जमीन के वास्तविक मालिक की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी मुख्तारनामा बनवाया। इसके बाद जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम पर हस्तांतरित कर दिया गया।
मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 215/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 में मुकदमा दर्ज किया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 26 फरवरी 2026 को नामजद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया। हालांकि, मुख्तारनामे में कथित रूप से फर्जी अरुण कुमार बने व्यक्ति की पहचान नहीं हो पा रही थी और वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
फर्जी आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाई
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी तक पहुंचने के लिए उसके द्वारा फर्जी आधार कार्ड में इस्तेमाल की गई तस्वीर को नेटग्रिड पोर्टल पर अपलोड किया गया। इससे प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान तस्वीर की पहचान उदित कुमार वर्मा के रूप में हुई। इसके बाद विकासनगर पुलिस की टीम सहारनपुर रवाना हुई और 13 अक्टूबर को उसे मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
मोटी रकम के लालच में बना फर्जी मालिक
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले सुनार का काम करता था और चांदी का सामान बेचने के सिलसिले में विकासनगर, सहसपुर और सेलाकुई आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान गुरुबचन सिंह उर्फ बब्बू सरदार से हुई। पुलिस के अनुसार, गुरुबचन ने उसे हरबर्टपुर स्थित एक जमीन के बारे में बताया, जो हरियाणा निवासी व्यक्ति के नाम दर्ज थी। आरोप है कि उसे जमीन का फर्जी मालिक बनकर मुख्तारनामा तैयार कराने के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर वास्तविक जमीन मालिक अरुण कुमार के नाम से फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए। आधार कार्ड में असली मालिक की जगह उदित कुमार की तस्वीर लगाई गई, ताकि उसे जमीन का वास्तविक मालिक दिखाया जा सके।
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, वर्ष 2022 में जमीन का फर्जी मुख्तारनामा तैयार किया गया। इसके आधार पर 18 जुलाई 2022 को गुरुबचन सिंह ने जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराई और दाखिल-खारिज भी अपने नाम दर्ज करा लिया। जब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, तब वास्तविक मालिक अरुण कुमार को कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अब मामले में आरोपी की भूमिका और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम उदित कुमार वर्मा, पुत्र सुरेन्द्र कुमार वर्मा, निवासी धोबी घाट, तोता चौक, सिवेन्द्र विहार कॉलोनी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा और हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कोतवाली विकासनगर शामिल थे।

