छापा: 70 नाली में अवैध भांग की खेती पकड़ी, पुलिस ने किया नष्ट,पुलिस व विभागीय टीम की संयुक्त कार्रवाई

छापा: 70 नाली में अवैध भांग की खेती पकड़ी, पुलिस ने किया नष्ट,पुलिस व विभागीय टीम की संयुक्त कार्रवाई
Spread the love

ग्रामीणों को नशे और साइबर ठगी के प्रति किया जागरूक

चमोली। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चमोली पुलिस ने नशे की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवाल क्षेत्र के रामपुर तोक में करीब 70 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया। पुलिस और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही ग्रामीणों को नशे की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी।
एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर तोक में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 70 नाली क्षेत्र में उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया गया। टीम ने आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों को स्पष्ट किया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है। पुलिस ने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपने आसपास उगने वाली जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयासों से नष्ट करने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग की अपील की। अभियान के दौरान ग्रामीणों को भांग और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से बचने के तरीके भी बताए
अभियान के दौरान प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने फर्जी केवाईसी अपडेट, बैंक या एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग, फर्जी लोन, नौकरी के नाम पर ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी।
ग्रामीणों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पिन, सीवीवी, बैंक खाता विवरण या पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचने को कहा गया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों से अपने परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
अभियान में चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी, कांस्टेबल सलमान सहित पुलिस और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Parvatanchal