सनसनी: जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचने पर मौत
ट्रांसपोर्ट नगर में दर्दनाक हादसा, जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका
देहरादून( RNS)। पटेलनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में बुधवार की रात को दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच करने के लिए जनरेटर रूम में गए थे। देर रात दोनों के कमरे से बाहर नहीं आने पर बुधवार सुबह गार्ड ने जनरेटर रूम में जाकर देखा तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जनरेटर से निकली गैस के कारण कमरे में दम घुटने की आशंका सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

