हड़कंप: मंडी में मोबाइल टावर पर चढ़ गया पल्लेदार, पुलिस और अधिकारियों में मच अफ़रा-तफ़री

हड़कंप: मंडी में मोबाइल टावर पर चढ़ गया पल्लेदार, पुलिस और अधिकारियों में मच अफ़रा-तफ़री
Spread the love

ऋषिकेश। कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पल्लेदार मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान हरीश के रूप में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारने के लिए बातचीत का प्रयास शुरू किया।
जानकारी के अनुसार हरीश मंडी समिति परिसर में आढ़तियों के यहां पल्लेदारी का काम करता है। सोमवार को वह अचानक मंडी कार्यालय के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसके टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि हरीश अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ा है। पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, वह कभी फोन नहीं उठा रहा है तो कभी उसका फोन व्यस्त आ रहा है। ऐसे में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किन मांगों या किसी अन्य कारण को लेकर टावर पर चढ़ा है।
मंडी समिति के सचिव एस. कालाकोटी के अनुसार, हरीश की मांगों के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। उसका मोबाइल फोन मिलाया जा रहा है और अधिकारियों की कोशिश है कि उससे बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक पुलिस और मंडी प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद थी तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही थी । अधिकारियों का प्रयास है कि हरीश को समझाकर किसी तरह टावर से नीचे उतारा जाए।

Parvatanchal