आयोजन: 29 सितंबर से होगा राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आगाज़, सांसद रावत ने लिया जायज़ा
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक योगऋषि खेल परिसर, रोशनाबाद में किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 सितंबर को सुबह 11 बजे राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी करेंगी। प्रतियोगिताएं निदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मलखंभ, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, एरोबिक्स, एथलेटिक रेस, रस्साकशी और गोला फेंक सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं होंगी। तीन दिनों तक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
1 अक्टूबर को विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, खेल मैदान और निर्णायकों समेत अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।
योगऋषि खेल परिसर में प्रतियोगिता अवधि के दौरान अस्थायी शौचालय, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रतियोगिताओं का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है।

