अपराध: एटीएम से नकदी निकालने की एक घंटे के अन्दर दो वारदातें, जांच में जुटी पुलिस
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत एक ही दिन में एक घंटे के अंतराल में एटीएम से नकदी निकालने की दो घटनाएं हो गईं। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मददगार बन कर एटीएम से नकदी निकाले जाने की दो घटनाएं महज एक घंटे के अंतराल में हुई हैं। एक मामले में आलम सिंह नेगी, निवासी गुड्डू प्लाट श्यामपुर, ऋषिकेश देहरादून ने शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि बीते शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे श्यामपुर स्थित पीएनबी के एटीएम में चार-पांच लड़कों ने धोखे से एटीएम बदलकर उनके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। एक अन्य मामले में छोटे लाल गुप्ता, निवासी गली नंबर एक मीरानगर आइडीपीएल, ऋषिकेश ने शिकायत दर्ज करायी कि बीते शुक्रवार को जब उनकी पुत्री किरण पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने को गई तो दोपहर 12.30 बजे उसने अज्ञात व्यक्ति से पैसे निकालने में मदद मांगी।
अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम बदलकर उनके बैंक खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने दोनों ही मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि दोनों घटनाओं में घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच के पश्चात कुछ महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को मिले हैं, जिनके आधार पर दोनों घटनाओं के आरोपितों की तलाश की जा रही है। संभावना है कि दोनों ही घटनाओं में एक ही गिरोह के सदस्य शामिल रहे हैं।

