शिकंजा: पुलिस ने किया डोईवाला में नकबज़नी का खुलासा, दो लोग गिरफ़्तार 

शिकंजा: पुलिस ने किया डोईवाला में नकबज़नी का खुलासा, दो लोग गिरफ़्तार 
Spread the love

 

नशे और जुए की लत पूरी करने के लिए की थी चोरी, छह लाख से अधिक की ज्वेलरी बरामद
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की गई छह लाख रुपये से अधिक कीमत की ज्वेलरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे और जुए के आदी हैं और अपनी इन जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक केशवपुरी बस्ती डोईवाला निवासी टीना राय ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
लगातार की गई सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस टीम ने 20 सितंबर को एसडीएम डिग्री कॉलेज के पास यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कार्तिक पुत्र संजय, निवासी केशवपुरी बस्ती डोईवाला, उम्र 24 वर्ष और शिवम पुत्र भूरा कुमार, निवासी डैम के पीछे केशवपुरी बस्ती डोईवाला, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने और जुआ खेलने के आदी हैं। इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी की गई ज्वेलरी को दोनों आरोपी बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत छह लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस जांच में आरोपी शिवम का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में डोईवाला कोतवाली में धारा 305ए/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनवर सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक ईश्वर सैनी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल हरीश उप्रेती, रविंद्र टम्टा, विपिन कुमार और सुनील कुमार शामिल रहे।

Parvatanchal