अंजाम: नशे की जरूरत पूरी करने को करने लगे चोरी, पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े व्यक्ति को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की अंगूठी, 1500 रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को कानपुर निवासी गीता गुप्ता ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनके पति सतीश को एक अज्ञात ऑटो चालक द्वारा नशीला पदार्थ खिलाकर उनका एटीएम और नकदी चोरी कर ली गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 633/26, धारा 123/303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सण्डे मार्केट ग्राउंड, आईएसबीटी के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान विवेक चौधरी पुत्र मुकेश चौधरी निवासी चंद्रबनी चोईला, पटेलनगर, उम्र 22 वर्ष और मोहित शुक्ला पुत्र राजमणी शुक्ला निवासी चंद्रबनी चोईला, पटेलनगर, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना वाले दिन काम से छुट्टी के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। टर्नर रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने उन्हें सड़क किनारे एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने व्यक्ति के नशे में होने का फायदा उठाते हुए उसके गले से चेन, हाथ से अंगूठी और कुछ नकदी निकाल ली। भागते समय चोरी की गई चेन रास्ते में कहीं गिर गई। आरोपियों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन चेन नहीं मिली। पुलिस के अनुसार चोरी की नकदी में से काफी रकम आरोपियों ने नशे की जरूरत पूरी करने और घूमने-फिरने में खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी, 1500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूके-07-एचए-9659 बरामद की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी कोतवाली पटेलनगर निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह और उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत शामिल रहे।

