एक्शन: दून पुलिस की अवैध नशा कारोबार पर कार्रवाई, 7.50 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.50 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम ने शनिवार, 5 सितंबर को केंद्रीय विद्यालय मोहकमपुर के सामने फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मिले एक व्यक्ति की तलाशी ली। उसके कब्जे से 7.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार मिश्रा (52) पुत्र स्व. भोलेश्वर दत्त मिश्रा, निवासी एचएन-120, मोहल्ला डांट मंडी, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी स्मैक की तस्करी में शामिल था और इसके लिए स्कूटी संख्या UK08AL-3259 का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने स्मैक और स्कूटी को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 370/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

