मौत की मस्ती: उफनते गधेरे में बहकर लापता हो गया किशोर, दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था भुजियाघाट
हल्द्वानी(आरएनएस)। भुजियाघाट स्थित गधेरे में शनिवार दोपहर दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचा 17 वर्षीय किशोर अचानक आए पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने देर शाम तक काठगोदाम बैराज तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका। प्रशासन की तमाम चेतावनियों और अपीलों के बावजूद लोग नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज नहीं कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार रामपुर रोड टीपीनगर निवासी अशोक टम्टा का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य टम्टा शनिवार दोपहर अपने छह अन्य दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ पार्टी करने घर से निकला। सभी सात लोग भुजियाघाट स्थित एक गधेरे के पास पहुंचे और पार्टी के बाद नहाने के लिए गधेरे में उतर गए।कोतवाली काठगोदाम के प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब सभी युवक नहा रहे थे तो अचानक पहाड़ी क्षेत्र से गधेरे में पानी का बहाव तेजी से बढ़ने लगा। आदित्य उस वक्त गधेरे के बीच में था। किनारे खड़े साथियों ने जलस्तर बढ़ता देख आदित्य को बाहर आने के लिए आवाज दी। पानी का प्रचंड रूप देख आदित्य घबरा गया और बाहर निकलने के लिए जैसे ही छलांग लगाई, उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही आदित्य उफनते गधेरे में जा गिरा और देखते ही देखते तेज बहाव में बह गया। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर काठगोदाम पुलिस और दमकल विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से भुजियाघाट से लेकर काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक नदी-नालों के मुहाने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, शाम को सूरज ढलने तक बहे किशोर का पता नहीं चल सका था। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

