कामयाबी: पुलिस के हत्थे चढ़ा नशा तस्कर, आरोपी के कब्जे से 24.4ग्राम स्मैक बरामद
पिथौरागढ़(आरएनएस)। तराई क्षेत्र नानकमत्ता से स्मैक तस्करी कर सीमांत ला रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से नशे के स्रोत व उससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाल ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने बीते रोज ऐंचोली बैरियर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने स्कूटी सवार एक व्यक्ति को रोका। जांच के दौरान स्कूटी सवार मोहम्मद वासिद निवासी आमलपुर गजरौला थाना बिथरी, बरेली यूपी हाल लिन्ठ्यूड़ा के पास से पुलिस को 24.4ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में संबंधित ने बताया कि वह नानकमत्ता से किसी व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल जोशी ने आमजन से नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। कहा कि यदि आसपास चरस, स्मैक व अन्य किसी भी प्रकार के नशे से संबंधित गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो तत्काल उसकी सूचना मानस हेल्पलाइन-1933 या पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। टीम में ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक कुबेर सिंह, कांस्टेबल नवीन्द्र प्रसाद, दिगम्बर सिंह, गौरव सिंह शामिल रहे।

