सम्मान: विभिन्न विद्यालयों के 19 शिक्षकों को मिला शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार

सम्मान: विभिन्न विद्यालयों के 19 शिक्षकों को मिला शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार
Spread the love

 

देहरादून (RNS)। शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के 19 शिक्षकों को वर्ष 2025 के शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने चयनित शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए। इनमें प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक शिक्षा के छह और प्रशिक्षण संस्थान के एक शिक्षक शामिल हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका मंजूबाला को भी सम्मानित किया गया

राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। यह सम्मान शिक्षकों को उनके कार्यों के प्रति और अधिक समर्पण के लिए प्रेरित करता है।

इन शिक्षकों को मिला सम्मान
प्रारंभिक शिक्षा: चमोली के विष्णुपाल सिंह नेगी, पौड़ी गढ़वाल के लखपत सिंह रावत, उत्तरकाशी के पृथ्वी सिंह रावत, देहरादून के बीरेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के रोबिन कुमार, टिहरी के महेश्वर प्रसाद सेमवाल, रुद्रप्रयाग के शशिकांत नौटियाल, चंपावत के जहीर अब्बास, ऊधमसिंह नगर के नौ सिंह, नैनीताल की डॉ. श्वेता, पिथौरागढ़ के विक्रम सिंह परिहार और अल्मोड़ा के त्रिलोक सिंह अधिकारी को पुरस्कार दिया गया।

माध्यमिक शिक्षा: पौड़ी गढ़वाल के नरेंद्र सिंह नेगी, चमोली की डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, देहरादून के कमलेश पंवार, चंपावत के डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव, हरिद्वार के चंद्र पंत और नैनीताल के विशन सिंह मेहता को सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण संस्थान: उत्तरकाशी के डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट को पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और नवाचार से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है।

Parvatanchal