सरगर्मी: गढ़वाल विवि में छात्रसंघ चुनाव नामांकन का अंतिम दिन, अध्यक्ष पद पर अब तक नहीं आया कोई नाम
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को अंतिम दिन पहुंच गई। नामांकन के अंतिम दिन परिसर में छात्र संगठनों और प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन जारी रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
चुनाव प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 39 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई है, जबकि 10 नामांकन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं। जमा हुए नामांकन पत्रों में उपाध्यक्ष पद के लिए दो, सचिव पद के लिए एक, सहसचिव पद के लिए तीन तथा यूआर और छात्रा प्रतिनिधि पद के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया है।
सबसे खास बात यह है कि अध्यक्ष पद के लिए अभी तक किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। अंतिम दिन नामांकन को लेकर छात्र संगठनों की गतिविधियां तेज रहीं और परिसर में समर्थकों के साथ प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन किया।
नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नामांकन पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट की जाएगी। वहीं, चुनाव को लेकर परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। छात्रसंघ चुनाव के चलते बिड़ला परिसर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

