ठगी: हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद तिनका ने पंजाब ज्वेलर्स को लगाया 20 लाख रुपए का चूना, जांच शुरू
देहरादून(आरएनएस)। दून के हिस्ट्रीशीटर और पूर्व पार्षद राकेश कुमार उर्फ तिनका ने राजपुर रोड स्थित नामी पंजाब ज्वेलर्स को भी अपना शिकार बनाया है। आरोपी ने करीब 20 लाख रुपये के आभूषण खरीदे और भुगतान के लिए जो चेक दिया वह बैंक में बाउंस हो गया। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में मंगलवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि राजपुर रोड स्थित पंजाब ज्वेलर्स से जुड़े रजनीश वर्मा ने तहरीर दी। बताया कि राकेश निवासी ऋषि नगर ने उनसे कीमती गहने बीते जुलाई में लिए थे। आरोपी ने गहनों की एवज में एक चेक दिया। खरीदारी के दौरान भरोसा दिलाया था कि उसके खाते में पर्याप्त रकम है। जब चेक बैंक में भुगतान के लिए लगाया गया तो वह बाउंस होकर लौट आया। आरोपी को इसकी जानकारी दी गई तो उसने गहनों की रकम का भुगतान करने से मना कर दिया। शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। तिनका के खिलाफ इससे तीन दिन पहले आराघर स्थित देवेंद्र ज्वेलर्स से 4.85 लाख रुपये का सोने का रानी हार इस तरह ले जाने में केस दर्ज हुआा था। बीते मई महीने में उस पर सट्टेबाजी के मामले में भी केस दर्ज किया गया था।

