सनसनी: विभागीय आवास में मिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव, 11 दिन से था कार्यालय से अनुपस्थित

सनसनी: विभागीय आवास में मिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव, 11 दिन से था कार्यालय से अनुपस्थित
Spread the love
पौड़ी। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय पौड़ी में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की विभागीय आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। कर्मचारी पिछले करीब 11 दिनों से कार्यालय से अनुपस्थित था। बुधवार को उसके आवास से तेज दुर्गंध आने पर आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो भीतर कर्मचारी का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी।
मृतक की पहचान जितेंद्र प्रसाद थपलियाल (41) पुत्र गोविंद राम, निवासी बसली, प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। जितेंद्र प्रसाद लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। वह विभागीय कॉलोनी में आवंटित आवास में अकेले रहता था।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र प्रसाद 22 अगस्त से कार्यालय से अनुपस्थित था। लगातार कई दिनों तक उसके कार्यालय नहीं पहुंचने के बावजूद बुधवार को उसके आवास से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को मामले की जानकारी हुई। आसपास रहने वाले लोगों ने जब स्थिति संदिग्ध महसूस की तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पौड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवास का दरवाजा खुलवाया तो कर्मचारी अंदर मृत अवस्था में मिला। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि जितेंद्र प्रसाद विभागीय कॉलोनी स्थित आवास में अकेले रहता था। कई दिनों तक उसके बाहर नहीं निकलने और कार्यालय नहीं पहुंचने के कारण किसी को तत्काल यह अंदाजा नहीं हो पाया कि उसके साथ कोई अनहोनी हो चुकी है। बुधवार को आवास से उठ रही दुर्गंध के बाद पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई।
कोतवाली पौड़ी के प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कर्मचारी 22 अगस्त से कार्यालय से अनुपस्थित था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कर्मचारी की मौत बीमारी, किसी अन्य कारण या किसी संदिग्ध परिस्थिति में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के पौड़ी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Parvatanchal