हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
बागेश्वर(आरएनएस)। कांडा थाना क्षेत्र के सिमकुना स्थित थरन के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी कांडा में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात सिमकुना के थरन के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खाई में एक युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा, जबकि दूसरा युवक जगदीश राम घर के बरामदे में मिला।उसकी हालत ऐसी नहीं थी कि वह कुछ बता सके। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को खाई से निकालकर सीएचसी कांडा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय शंकर सिंह नगरकोटी पुत्र कृपाल सिंह नगरकोटी, निवासी सखोला अलकन्या, को मृत घोषित कर दिया। वहीं 25 वर्षीय राहुल नगरकोटी पुत्र नरेंद्र सिंह नगरकोटी गंभीर रूप से घायल है। उसके सिर पर 10 टांके लगाए गए हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर तहसीलदार जगदीश गिरी और थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

