अभियान: पुलिस ने अपराधियों पर की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत दो नशा तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 18.45 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
विकासनगर पुलिस ने 30 अगस्त को कुंजा ग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 21 वर्षीय मुन्नी पुत्री स्व. मुख्तियार, निवासी कुंजा ग्रांट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह स्मैक रुड़की से खरीदकर लाई थी और स्थानीय नशेड़ियों को बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी। उसके खिलाफ विकासनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वह पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है।
वहीं, सेलाकुई पुलिस ने पुरानी चौकी लेबर चौक के पास से हिस्ट्रीशीटर अब्बार पुत्र अब्दुल अहमद, निवासी जमनपुर, सेलाकुई को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक अब्बार के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के कई मामले भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़े रहे हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

