दर्दनाक: बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, भाई-बहन की मौत, दो लोग गंभीर रूप से घायल

दर्दनाक: बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, भाई-बहन की मौत, दो लोग गंभीर रूप से घायल
Spread the love

ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रीनगर निवासी भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि स्विफ्ट कार सामने से आ रहे डंपर के नीचे जा घुसी और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के डांग निवासी चार लोग स्विफ्ट कार से ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उनकी कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसका अगला हिस्सा डंपर के नीचे फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार चला रहे ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार की पिछली सीट पर बैठे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहनों की आमने-सामने टक्कर होना बताया जा रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Parvatanchal