एक्शन: भारी बारिश के बीच दून पुलिस की ‘नाइट स्ट्राइक’, 700 से अधिक लोगों से की पूछताछ
देहरादून। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए दून पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। भारी बारिश के बावजूद नगर और देहात क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। इस दौरान रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 700 से अधिक व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई। पुलिस को संदिग्ध लगे 27 व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई।
54 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 54 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इनसे कुल 23,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा
नाइट स्ट्राइक के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 19 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर संबंधित वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और उनसे 44,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, 23 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय के लिए भेजे गए। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 21 वाहनों को सीज किया गया।
दून पुलिस का कहना है कि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों, नशे में वाहन चलाने, यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन चेकिंग कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

