कामयाबी: पुलिस ने वाहन चोरी का 24 घंटे में कर दिया खुलासा, चोरी की बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार

कामयाबी: पुलिस ने वाहन चोरी का 24 घंटे में कर दिया खुलासा, चोरी की बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।   कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि जुडली आदूवाला निवासी सुनील कुमार ने 23 अगस्त को कोतवाली विकासनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 22 अगस्त की रात उनके घर से उनकी बाइक चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने सोमवार को देहरादून रोड, हरबर्टपुर स्थित अतिथि फार्म हाउस के सामने मौ. मुकीम उर्फ मक्की (29) निवासी ग्राम बड़ा रामपुर शंकरपुर, थाना सहसपुर को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों के अलग-अलग पार्ट्स निकालकर बेचता था और उनसे मिलने वाले पैसों से नशे की जरूरत पूरी करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Parvatanchal