धोखाधड़ी: अंडमान-निकोबार टूर के नाम पर कर ली 1.62 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज़

धोखाधड़ी: अंडमान-निकोबार टूर के नाम पर कर ली 1.62 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

रुड़की(आरएनएस)।  अंडमान-निकोबार घूमने के लिए टूर पैकेज दिलाने के नाम पर आरोपी ने 1.62 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि रकम लेने के आरोपी ने न तो पीड़ित और उसके दोस्तों को अंडमान-निकोबार भेजा और न ही रकम वापस की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आलोक पुंडीर, निवासी ओम विहार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अंडमान- निकोबार घूमने के लिए उन्होंने अपने दोस्तों के साथ टूर की योजना बनाई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात गणेश नौटियाल से हुई। आरोप है कि गणेश नौटियाल ने टूर पर भेजने की बात कहते हुए पीड़ित और उसके दोस्तों से अलग-अलग रकम लेकर कुल 1,62,610 रुपये प्राप्त किए। लेकिन निर्धारित समय पर टूर की कोई व्यवस्था नहीं की गई। पीड़ित पक्ष ने जब आरोपी से टूर के संबंध में जानकारी ली तो मामला टलता रहा। बाद में रकम वापस मांगे जाने पर भी कथित तौर पर पैसे वापस नहीं किए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने पहले से ही बेईमानी की नीयत से उन्हें टूर पर भेजने का झांसा दिया और रकम लेने के बाद उसे वापस नहीं किया। काफी प्रयास के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी गणेश नौटियाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर भगवान महर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Parvatanchal