निगरानी: बढ़ते अपराधों के बीच रात में सड़कों पर उतरे अफसर, हॉस्टल और पीजी खंगाले

निगरानी: बढ़ते अपराधों के बीच रात में सड़कों पर उतरे अफसर, हॉस्टल और पीजी खंगाले
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  हाल में पटेलनगर में छात्रों की रंजिश में गोलीबारी और प्रेमनगर में असलहा लहराने जैसी घटनाओं के बाद दून पुलिस अपराध नियंत्रण को एक्शन मोड में आई है। तेजी से बढ़ते अपराध और छात्रों के बीच खूनी संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए सख्ती बरतना पुलिस की मजबूरी बन गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशों पर शनिवार देर रात एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सड़कों से लेकर पीजी और हॉस्टलों तक खंगाले। छात्रों पर नकेल कसने के लिए प्रेमनगर और पटेलनगर क्षेत्र के हॉस्टलों व पीजी में आकस्मिक चेकिंग की गई। हॉस्टल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि छात्रों की एंट्री का समय रात 10 बजे निर्धारित करें। इसका शत-प्रतिशत सत्यापन कराएं और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं। चेकिंग के दौरान अनियमितताएं मिलने पर सात हॉस्टल संचालकों को नोटिस थमाया गया। एक का 83 पुलिस एक्ट में चालान किया गया। चेतावनी दी गई है कि रात में छात्रों के बेवजह घूमने या नशेबाजी की शिकायत पर हॉस्टल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
सड़कों पर 500 लोगों से पूछताछ, 53 संदिग्ध थाने पहुंचे। शहर और देहात क्षेत्रों में भी रात के समय बेवजह घूमने वालों पर पुलिस का चाबुक चला। पुलिस टीमों ने रात में सड़कों पर घूम रहे 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। इस दौरान 53 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनका सत्यापन किया गया और 81 पुलिस एक्ट में चालान किए गए। चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए।

Parvatanchal