आवाज़: सामाजिक संगठन ‘अखिल भारतीय कल्याणकारी संस्था’ ने उठाए जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे

आवाज़: सामाजिक संगठन ‘अखिल भारतीय कल्याणकारी संस्था’ ने उठाए जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे
Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  अखिल भारतीय कल्याणकारी संस्था की बुधवार को नगर के एक होटल के सभागार में आयोजित बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से नौ प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आर्थिक आधार पर पूरे देश में आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग के साथ ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया गया। बैठक में वक्ताओं ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते तथा ढीले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि कई स्थानों पर बिजली के तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए विद्युत विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। संस्था ने पाण्डेखोला से बेस अस्पताल तक ई-रिक्शा संचालन शुरू करने, जंगली जानवरों और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा बंदरों के बधियाकरण और उनके लिए बाड़ा बनाने की मांग की। बैठक में घर-घर पेयजल उपलब्ध कराने, नगर क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल और सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। वक्ताओं ने सड़कों और पैदल मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई, गड्ढों की शीघ्र मरम्मत तथा लोअर माल रोड पर लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई। बैठक की अध्यक्षता जमन सिंह देवड़ी ने की। इस अवसर पर हयात सिंह बिष्ट, राम सिंह बिष्ट, पूजा बगड़वाल, डॉ. एस.एस. पाथनी, गजेन्द्र सिंह रावत, रूप सिंह बिष्ट, जसोद सिंह बिष्ट, चन्द्रशेखर बनकोटी, रघुवीर सिंह बनौला, आनन्द सिंह सतवाल, दीवान सिंह बिष्ट, लाल सिंह मेहता, चन्द्रा बिष्ट, ममता बिष्ट, दीपा मेहता, लीला भण्डारी, सरस्वती देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Parvatanchal