आफ़त: चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग पर अतिवृष्टि का कहर, 50 मीटर हिस्सा टूटने से कटा 30 गांवों का संपर्क

आफ़त: चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग पर अतिवृष्टि का कहर, 50 मीटर हिस्सा टूटने से कटा 30 गांवों का संपर्क
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)। द्वारीखाल ब्लॉक में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ ही करीब 50 मीटर बह गया है जिससे क्षेत्र के 25 से 30 गांवों का संपर्क कट गया है। पांच किमी हिस्से पर पुश्ता ढहने और ढाई किमी पर भारी मलबा आने से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग चैलूसैंण और देवीखेत के बीच स्थित है। ग्रामीणों गौरव सुयाल और जीतेंद्र रावत ने बताया कि मंगलवार सुबह हुई बारिश के दौरान मार्ग पर जगह-जगह मलबा आ गया था। पांचवें किलोमीटर पर पहले से क्षतिग्रस्त पुश्ता बारिश के कारण पूरी तरह ढह गया। इससे करीब 50 मीटर सड़क बह गई और आवाजाही ठप हो गई। ढाई किलोमीटर पर भारी मात्रा में मलबा आने से भी मार्ग अवरुद्ध हो गया है। गांवों का मुख्य बाजार चैलूसैंण और ब्लॉक मुख्यालय द्वारीखाल से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों ने जनहित में मार्ग की जल्द मरम्मत की मांग की है।गौरव सुयाल और जीतेंद्र रावत ने बताया कि मार्ग बंद होने से आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ा है। इसके अलावा, सिलोगी-कड़थी मार्ग भी बंद होने से वहां के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
‘चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग पर मलबे की सफाई के लिए दो जेसीबी लगाई गई है। मार्ग पर जल्द ही वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जाएगी।’ -विवेक कुमार अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन। (फाइल फोटो)

Parvatanchal