प्रतिभा: गढ़वाल राइफल्स शूटिंग क्लब के पांच निशानेबाजों ने प्री-नेशनल के लिए किया क्वालिफाई

प्रतिभा: गढ़वाल राइफल्स शूटिंग क्लब के पांच निशानेबाजों ने प्री-नेशनल के लिए किया क्वालिफाई
Spread the love

लैंसडाउन (आरएनएस)।  महज दो वर्ष पहले स्थापित गढ़वाल राइफल्स शूटिंग क्लब (पंजीकृत) के युवा निशानेबाजों ने 24वीं उत्तराखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर का नाम रोशन किया है। क्लब के पांच खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नॉर्थ जोन प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है।देहरादून स्थित जसपाल राणा शूटिंग रेंज में तीन अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में लैंसडौन के खिलाड़ियों ने सटीक निशानेबाजी का परिचय दिया। प्रतियोगिता में क्लब के सात खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से पांच ने निर्धारित क्वालिफाइंग स्कोर हासिल कर अगले चरण में जगह बनाई।क्वालिफाई करने वालों में खुशी माजर (20) ने 400 में 343 अंक हासिल किए। वह रतभक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल की द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। ऋषभ चौहान (14), कक्षा 11, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन ने 340 अंक, एनी माजर (13), कक्षा नौ, केंद्रीय विद्यालय लैंसडौन ने 338 अंक, कुणाल रावत (12), कक्षा सात, आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर ने 333 अंक और नवनीत सिंह (14), कक्षा 10, केंद्रीय विद्यालय लैंसडौन ने 313 अंक प्राप्त कर प्री-नेशनल के लिए क्वालिफाई किया। (फोटो प्रतीकात्मक)

Parvatanchal