आफ़त: भारी बारिश के चलते पछुवादून और जौनसार के सात मोटर मार्गों पर यातायात रहा ठप

आफ़त: भारी बारिश के चलते पछुवादून और जौनसार के सात मोटर मार्गों पर यातायात रहा ठप
Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)। बारिश के कारण जौनसार बावर में ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद होने का सिलसिला जारी है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीण अपनी नगदी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, जिससे उन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है। मंगलवार को कालसी-चकराता मोटर मार्ग समेत जौनसार के चार और पछुवादून के तीन मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहने से करीब 45 हजार की आबादी प्रभावित हुई। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर सोमवार रात से ही यातायात बंद हो गया था, जो मंगलवार दोपहर बाद दो बजे सुचारु हो पाया। चकराता-कालसी मोटर मार्ग जजरेड़ के पास भारी मलबा आने के कारण यातायात के लिए बंद हो गया।इसके साथ ही खारसी मोटर मार्ग, मुंशी घाटी-धोईरा, हनोल-ठडियार, छरबा-होरावाला, नहाड़-कोटी, लांघा-मटोगी मोटर मार्ग पर यातायात ठप रहा। महत्वपूर्ण मार्ग बंद होने से ग्रामीण परेशान रहे। ग्रामीण मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहने से जौनसार बावर के ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित रहा। मार्गों के बंद होने से ग्रामीण अपने गांवों से बाहर नहीं निकल पाए। बीमार और बुजुर्गों को किसी तरह से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय काश्तकार संतराम, ग्यार दत्त, अनूप जोशी, अर्जुन दत्त बिजल्वाण, महेश्वर जोशी, मोहर सिंह चौहान, टीकम सिंह नेगी ने बताया कि अब तक हुई बारिश के कारण उनकी अधिकांश फसल मंडी तक नहीं पहुंच पाई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। कहा कि बारिश जारी रहने से अब पूरी फसल बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में कई दिनों तक मार्ग पर यातायात बाधित रहता है, बावजूद इसके बरसात से पहले कोई पुख्ता उपाय नहीं किए जाते हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग साहिया के अधिशासी अभियंता अनूप भारद्वाज और लोनिवि चकराता के अधिशासी अभियंता विजय मोंगा ने बताया कि बंद मार्गों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Parvatanchal