दुश्वारियां: क्वासी पीएचसी में एक माह से चिकित्सक नहीं, स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से मरीज़ परेशान
विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार-बावर क्षेत्र के क्वासी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब एक माह से चिकित्सक तैनात नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। डॉक्टर के अभाव में क्षेत्र के मरीजों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी विकासनगर और देहरादून जाना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक माह पूर्व चिकित्सकों के स्थानांतरण के बाद क्वासी पीएचसी में नए डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। इस समस्या को लेकर व्यापार मंडल क्वासी ने कुछ दिन पहले धरना-प्रदर्शन भी किया था। व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पवार और यशपाल सिंह रावत ने बताया कि कई बार प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर डॉक्टर भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी तैनाती नहीं हुई। वर्तमान में अस्पताल में केवल फार्मासिस्ट की ड्यूटी है। ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर के बिना दवा वितरण उचित नहीं है, क्योंकि इससे मरीजों को गलत दवा मिलने का खतरा बना रहता है। इसी कारण फार्मासिस्ट केवल अस्पताल खोलकर बैठने को मजबूर हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता चंदन सिंह राणा ने कहा कि चिकित्सक के अभाव में दूरस्थ क्षेत्र की जनता बुनियादी स्वास्थ्य सुविधा से भी वंचित है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जल्द डॉक्टर की नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, क्वासी क्षेत्र के सात खतों के लगभग 100 गांव इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र चिकित्सक की तैनाती नहीं की गई तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।

