हादसा : एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ कांगड़ी फ्लाईओवर, कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत
हरिद्वार(आरएनएस)। कांगड़ी फ्लाईओवर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी घायल हैं। बुधवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कांगड़ी स्थित 4.2 फ्लाईओवर पर हुए हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सराय ज्वालापुर निवासी मुनीर (30 वर्ष) पुत्र आशिक, उसकी पत्नी इकरा (21 वर्ष) और दो वर्षीय बेटी अहनिया को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान मुनीर की मौत हो गई, जबकि इकरा और अहनिया को मामूली चोटें आने पर उपचार दिया गया। कोतवाली श्यामपुर प्रभारी एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि कार नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि बाइक हरिद्वार से नजीबाबाद जा रही थी। कांगड़ी के फ्लाईओवर पर दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

