सनसनी: मसूरी -किमाड़ी रोड पर खाई में मिला लापता युवक का क्षत-विक्षत शव
देहरादून(आरएनएस)। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से पिछले एक सप्ताह से लापता 22 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मसूरी-किमाड़ी मार्ग पर एक गहरी खाई से बरामद हुआ है। शव इतनी बुरी स्थिति में था कि उसे जंगली जानवरों ने नोच खाया था। बुधवार सुबह परिजनों ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर मामले में गहन जांच की मांग की है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि दुर्गापुरम नई बस्ती, मोथरोवाला निवासी राजेश पाल ने बीते नौ जुलाई को पुलिस को तहरीर दी थी कि उनका अविवाहित बेटा सुमित पाल (22) आठ जुलाई से घर से लापता है। उसका फोन नंबर भी बंद आ रहा था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच में सुमित आठ जुलाई को अपनी काले रंग की पल्सर बाइक से मसूरी से किमाड़ी की ओर जाता दिखा। मैकेन्जी हाउस एंड कैफे के पास मुख्य मार्ग पर उसकी बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने सड़क किनारे गहरी खाई में सर्च अभियान चलाया। जहां एक मोड़ के नीचे युवक का शव मिला। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त सुमित के रूप में की। बताया जा रहा है कि सुमित कुछ समय पहले तक एक मॉल में नौकरी करता था। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए वीडियोग्राफी की है। पुलिस ने बुधवार को शव शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौत कारण जाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एसओ ने बताया कि थाने आए युवक के परिवार को लोगों को भी मामले में जांच के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

