खुलासा: वैध पास की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 103 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
बागेश्वर(आरएनएस)। बागेश्वर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वैध परिवहन पास की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। बैजनाथ पुलिस ने 103 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय शाह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान बुधवार तड़के करीब 1:45 बजे डंगोली-ग्वालदम मार्ग पर थाना बैजनाथ पुलिस ने पिकअप वाहन UK03CA-2114 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में शराब की खेप मिली।
पूछताछ में चालक सुभाष कुमार ने बताया कि वह चम्पावत स्थित FL-2 गोदाम से 150 पेटी मैकडॉवेल्स व्हिस्की लेकर चला था, जिन्हें कंधार स्थित शराब की दुकान में पहुंचाना था। उसने स्वीकार किया कि रास्ते में 47 पेटियां अन्य स्थानों पर उतार दी थीं, जबकि शेष 103 पेटियों की सप्लाई के लिए रुका हुआ था। पुलिस द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में वाहन से 103 पेटियों में कुल 1,236 बोतल मैकडॉवेल्स व्हिस्की, जिसकी अनुमानित कीमत 8.77 लाख रुपये है, बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली तथा वाहन को सीज कर दिया।
आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बैजनाथ में मु.अ.सं. 23/2026 के तहत धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: सुभाष कुमार (25 वर्ष), पुत्र लीला राम, निवासी ललुवापानी नघान, थाना एवं जिला चम्पावत।
कार्रवाई करने वाली टीम: उपनिरीक्षक उमेश सिंह रजवार, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह राणा, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह रौतेला, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र ढोक्ती एवं कांस्टेबल राधेश्याम ।

