शिकंजा: बिजली परियोजना से लाखों का सामान चोरी करने के आरोप में यूपी के चार युवक गिरफ्तार
चमोली(आरएनएस)। बिजली परियोजना से लाखों रुपये का सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गौचर बैरियर पर कार्रवाई करते हुए चोरी का पूरा सामान जब्त कर लिया। वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टीएस पावर काॅरपोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार ने शनिवार को कर्णप्रयाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरडीएसएस परियोजना के तहत नौटी, पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए सामग्री रखी गई थी। इसमें 1100 मीटर पीवीसी केबल, चार कुंतल एल्यूमीनियम वायर और हार्डवेयर सामग्री शामिल थी। चोरों ने इसे चुरा लिया था। बताया कि चोरी की गई सामग्री की कीमत करीब आठ लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित की। इस टीम का निर्देशन सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा और थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने किया। इस पर गौचर चौेकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गौचर बैरियर पर आरोपियों को सामग्री सहित वाहन पकड़ा। गौचर चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसाईं ने बताया कि मामले में मोहम्मद दानिश (23 वर्ष), चांद मोहम्मद (20 वर्ष), फरमान (30 वर्ष) और सुएब (23 वर्ष) भी पकड़े गए हैं। इनमें मोहम्मद दानिश और चांद मोहम्मद मुरादाबाद के महमूनपुर टिगरी के रहने वाले हैं जबकि फरमान संभल के सैमरी और शोएब बुलंदशहर के शिकारपुर का निवासी है। पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि चारों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

