आक्रोश: बीडीओ के तबादले की मांग पर अड़े जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य से दुर्व्यवहार करने का आरोप

आक्रोश: बीडीओ के तबादले की मांग पर अड़े जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य से दुर्व्यवहार करने का आरोप
Spread the love

नई टिहरी(आरएनएस)। नरेंद्रनगर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य और खंड विकास अधिकारी के बीच हुआ विवाद थम नहीं रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सिद्धार्थ राणा के खिलाफ तहरीर देने पर भड़के क्षेत्र पंचायत सदस्यों और प्रधान संगठन ने बीडीओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में बीडीओ पर आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने सहित कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बीडीओ का शीघ्र स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।नरेंद्रनगर की खंड विकास अधिकारी श्रुति वत्स ने ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा के पति सिद्धार्थ राणा के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने, कार्यालय में जबरन प्रवेश करने और धमकी देने के आरोप में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों और प्रधान संगठन ने कड़ी नाराजगी जताई है।कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को दिए ज्ञापन में बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने और झूठी तहरीर वापस लेने की मांग की है। उन्होंने प्रमुख दीक्षा राणा के साथ भी कई बार अशोभनीय व्यवहार किया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सिद्धार्थ राणा के साथ दुर्व्यवहार कर उनके खिलाफ फर्जी तहरीर देकर सदस्यों को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बीडीओ को शीघ्र हटाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, ज्येष्ठ प्रमुख गीता दवांण, कनिष्ठ प्रमुख दुर्गा सिंह, जिला पंचायत सदस्य जीत सिंह असवाल, शीशपाल सजवाण और प्रधान संगठन के अध्यक्ष विनय रणाकोटी आदि शामिल थे।

Parvatanchal