सनसनी: फूलों की घाटी घूमने गया पर्यटक लापता, पुलिस-एसडीआरएफ खोज में जुटी
चमोली। विश्व धरोहर फूलों की घाटी घूमने आया एक पर्यटक मंगलवार को लापता हो गया। पुलिस, एसडीआरएफ व वन विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है। बुधवार देर शाम तक भी पर्यटक का कुछ पता नहीं चल पाया है। मंगलवार को फूलों की घाटी घूमने आए फरीदाबाद निवासी गब्बर सिंह (48), पुत्र विक्रम सिंह देर शाम तक नहीं लौटा। उससे संपर्क किया गया लेकिन फोन नहीं लगा। पर्यटक के लापता होने की सूचना से विभाग में हड़कंप मच गया। तुरंत वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने भी घाटी में सर्च अभियान चलाया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। बुधवार को भी घाटी के सभी संभावित क्षेत्रों में टीम ने पर्यटक की तलाश की गई। वह अकेला ही घाटी में घूमने के लिए आया है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु ने बताया कि मंगलवार से ही पर्यटक की तलाश शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में लगातार मौसम खराब हो रहा है। टीमें सभी संभावित क्षेत्रों में जा रही है। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

