रिएक्शन: राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को बताया महंगाई मानव मोदी, कहा- अभी और बढ़ेगा पेट्रोल-डीजल का दाम
नईदिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में चौथी बार हुई बढ़ोतरी के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को महंगाई मानव मोदी बताया और कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि लोगों की जेब चुपके-चुपके कटती रहे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने कहा कि अभी दाम बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा।
राहुल ने एक्स पर लिखा, महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं- ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदीजी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल 8 रुपये महंगा कर दिया। ये बढ़त होती जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे, और बाकी समय जनता की जेब पर वार।
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सोमवार 25 मई को फिर बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिन से भी कम समय में यह चौथी बार है, जब तेल कंपनियों ने रेट बढ़ाए हैं। इस बार पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। 15 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। इससे आम लोगों की जेब पर दबाव और बढ़ गया है।

