दुखद: केदारनाथ में बुजुर्ग महिला यात्री की मौत, आंध्र प्रदेश से आई थी तीर्थ यात्रा पर
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतका की पहचान विजयलक्ष्मी (72) निवासी राजनगर खैराबाग, हैदराबाद के रूप में हुई है। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ लाया गया, जहां शुक्रवार देर शाम उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के साथ उनकी सहयात्री मंजुला मौजूद थीं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू टीम, वाईएमएफ आपदा मित्र और डीडीआरएफ की मदद से शव को केदारनाथ से गौरीकुंड लाकर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान घायलों, बीमार यात्रियों व मृतकों को टीम की मदद से नजदीकी अस्पताल व गौरीकुंड लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक यात्रा के दौरान विभिन्न कारणों से 28 लोगों की मौत हो चुकी है।
रुद्रप्रयाग में बदला मौसम, केदारनाथ में बढ़ी ठंड
जनपद में शनिवार दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली। जहां निचले क्षेत्रों में तेज बौछारों के साथ वर्षा हुई है वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के बाद बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जिला मुख्यालय, अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा, गुप्तकाशी, जखोली, ऊखीमठ और केदार घाटी सहित कई क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है। केदारनाथ में मौसम में बदलाव होने पर भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। शनिवार को भी 26 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रा शुरू होने के बाद अब तक छह लाख तीर्थयात्री धाम पहुंच चुके है। पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट ने बताया पुलिस बल यात्रियों को कतारबद्ध करते हुए सोनप्रयाग शटल सेवा प्वाइंट तक भिजवा रहे है।

