महंगाई: रसोई गैस सिलिंडरों की मूल्यवृद्धि के साथ ही बढ़ गये भोज की थाली के दाम
कोटद्वार। घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडरों के दाम में बढ़ोतरी होने से होटल कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है। महंगाई के चलते पहले ही चीजों के दाम बढ़े हुए थे अब सिलिंडरों के बढ़े दामों से रेस्टोरेंट व ढाबों में तैयार होने वाला भोजन भी महंगा हो गया है। अधिकांश रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों ने होटल कारोबार को पटरी पर बनाए रखने के लिए 10 से 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। होटल जीएम ग्रुप के अध्यक्ष सक्षम ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर के दाम में लगभग एक हजार रुपये की बढ़ोतरी होने से होटलों में तैयार होने वाले भोजन एवं अन्य खाने-पीने के सामान में दस प्रतिशत तक की वृद्धि करनी पड़ी है। छोटे होटलों में इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। छोटे होटलों में आने वाला मध्यमवर्गीय आय वाला पर्यटक खाना खाने से भी कतरा रहा है। होटल कारोबारियों का कहना है कि इंडेन गैस एजेंसी द्वारा व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति भी समय से नहीं हो पा रही है जिससे कई होटल संचालक इंडक्शन व लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहे हैं। जिन लोगों के होटल ऋण लेकर संचालित हो रहे हैं। गैस की बढ़ी कीमतों व अनियमित आपूर्ति के कारण उनके व्यवसाय पर बुरा असर पड़ रहा है।
वहीं, कई क्षेत्रवासियों का कहना है कि सिलिंडर के दाम बढ़ने और आय नहीं बढ़ने से परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो गई हैं। गृहिणियों का कहना है कि तय बजट में रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।

