कामयाबी: चोरी की 4 बाइकों के साथ बाजपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर
काशीपुर। बाजपुर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार बाइकें बरामद की हैं। आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुका है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसपी अपराध और एसपी काशीपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि रतनपुरा स्थित एक खंडहर में चोरी की बाइकें छिपाकर रखी गई हैं और एक युवक उन्हें बेचने की फिराक में वहां मौजूद है। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज मनीष खत्री ने टीम के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से भूपेंद्र सैनी निवासी ढकिया गुलाबो, काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वहां से चोरी की चार बाइकें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सभी बाइकें बाजपुर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली काशीपुर में आर्म्स एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

