शातिर दिमाग: साइबर अपराधियों ने बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ा दिए 3.57 लाख रुपये
देहरादून। साइबर ठगों ने एक 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला के बैंक खाते से तीन लाख सत्तावन हजार रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। ठगों ने बैंक के एसएमएस अलर्ट की आईडी बनाकर यूपीआई के माध्यम से इस पूरी घटना को अंजाम दिया।गुजरोवाली, नथुवावाला निवासी उर्मिला देवी पत्नी वीर सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक रायपुर शाखा में है। 24 अप्रैल को जब वह अपने खर्चे के लिए कुछ रुपये निकालने बैंक पहुंचीं तो कर्मचारियों ने बताया कि उनके खाते में शून्य बैलेंस है। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। उनके बेटे संतोष कुमार ने जब बैंक स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने आरटीजीएस और यूपीआई के जरिए खाते से 3.57 लाख रुपये निकाल लिए हैं। पीड़िता का कहना है कि वह यूपीआई का प्रयोग ही नहीं करती हैं और ना ही उन्होंने कोई पेमेंट की है। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार को साइबर ठगी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

