गैंगवार: लॉरेंस बिश्नोई को बड़ा झटका, कनाडा में मुख्य हैंडलर का कत्ल; इस गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। दुनिया भर में अपने खौफ का नेटवर्क फैलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को कनाडा में एक बहुत बड़ा और करारा झटका लगा है। लॉरेंस बिश्नोई के एक बेहद खास शूटर और मुख्य हैंडलर की कनाडा में हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए रोहित गोदारा नाम के अकाउंट से इस कत्ल का दावा किया गया है, जिसके बाद जरायम की दुनिया में हड़कंप मच गया है।
क्रिकेट सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग से जुड़े थे तार
रोहित गोदारा के नाम से किए गए इस वायरल फेसबुक पोस्ट में मारे गए शख्स को लेकर कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। पोस्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि जिस शख्स को मौत के घाट उतारा गया है, वह लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क का खास आदमी था। इसके साथ ही उस पर आरोप लगाया गया है कि वह व्यक्ति कनाडा में बड़े पैमाने पर क्रिकेट सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग के काले कारोबार में भी शामिल था। इसी अवैध नेटवर्क का हिस्सा होने के चलते उसे निशाना बनाया गया है।
‘दुश्मन को पानी पिलाने वाला भी नहीं बचेगा, सबकी लिस्ट है तैयार’
इस हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ ही पोस्ट में विरोधियों को बेहद खौफनाक धमकियां भी दी गई हैं। फेसबुक पोस्ट में खुलेआम चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि अगर उनके दुश्मन को कोई पानी भी पिलाएगा, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गैंग ने खौफ पैदा करते हुए लिखा, लिस्ट पूरी तरह से तैयार है, सबका नंबर आएगाज् बस वक्त का इंतजार करो। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फर्जी गैंगस्टर बनने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे दुनिया के किसी भी कोने में छिप जाएं, उन्हें उनके अंजाम तक जरूर पहुंचाया जाएगा। पोस्ट के अंत में लिखा है, हमारी फेसबुक वाली लड़ाई नहीं है, हम लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने में विश्वास रखते हैं। समझदार बनो, सेफ रहो, जल्द मुलाकात होगी।
जानिए कौन है खौफ का दूसरा नाम रोहित गोदारा?
हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला रोहित गोदारा जरायम की दुनिया का एक जाना-माना और खूंखार नाम है। वह मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर इलाके का रहने वाला है। रोहित गोदारा पर संगीन अपराधों के कई बड़े मामले दर्ज हैं। वह राजस्थान के बड़े कारोबारियों से 5 करोड़ से लेकर 17 करोड़ रुपये तक की मोटी रंगदारी मांगने के लिए कुख्यात है। इतना ही नहीं, सीकर में हुई गैंगस्टर राजू ठेहट की सनसनीखेज हत्या में भी इसी का नाम सामने आया था। इसके अलावा मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी रोहित गोदारा की भूमिका सामने आ चुकी है।

