बड़ी ख़बर: IT Park Dehradun में बड़ा फ्रॉड; 2.5 करोड़ के शेयर लेकर गायब हुआ सोर्स कोड
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी Dehradun के राजपुर थाना क्षेत्र में एक बड़े कॉर्पोरेट घोटाले का मामला सामने आया है। आईटी पार्क सहस्रधारा रोड स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी ने करोड़ों रुपये की ठगी और डेटा दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता Infomo Digital Media Private Limited के निदेशक के अनुसार, वर्ष 2020 में उनकी होल्डिंग कंपनी Infomo Global Limited के साथ आरोपियों ने सॉफ्टवेयर बेचने का प्रस्ताव रखा था। इस डील के तहत 35 लाख रुपये नकद और लगभग 2.5 करोड़ रुपये के शेयर आरोपियों को दिए गए।
सोर्स कोड नहीं दिया, निवेश डूबा
आरोप है कि भुगतान और शेयर ट्रांसफर के बावजूद आरोपियों ने सॉफ्टवेयर का सोर्स कोड उपलब्ध नहीं कराया। इतना ही नहीं, सॉफ्टवेयर भी सही तरीके से काम नहीं कर सका, जिससे कंपनी का पूरा निवेश बेकार हो गया।
मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने बाद में अवैध रूप से और पैसे की मांग की। मांग पूरी न होने पर कंपनी और उसके अधिकारियों को बदनाम करने के लिए ईमेल अभियान चलाया गया। साथ ही, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे संवेदनशील दस्तावेज भी साझा किए गए।
पुलिस ने दर्ज की FIR
राजपुर थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घोटाले का खुलासा हो पाएगा।
यह मामला कॉर्पोरेट सेक्टर में बढ़ते साइबर फ्रॉड और डेटा दुरुपयोग के खतरों को उजागर करता है। किसी भी बड़ी डील से पहले पूरी जांच और सुरक्षा उपाय बेहद जरूरी हैं।

