घटिया निर्माण: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल 2 हिस्सों में बंटा, 25 मीटर हिस्सा गंगा नदी में बहा

घटिया निर्माण: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल 2 हिस्सों में बंटा, 25 मीटर हिस्सा गंगा नदी में बहा
Spread the love

 

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में सोमवार तड़के विक्रमशिला पुल ढह गया, जिससे राज्य में पुलों के निर्माण पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं। यह पुल भागलपुर और मावगछिया और सीमांचल और कोसी क्षेत्र को जोड़ने वाले गंगा नदी पर बना था। इस पुल का 25 मीटर हिस्सा टूटकर गंगा नदी में बह गया है। पुल टूटने से वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

विक्रमशिला पुल एक तरफ भागलपुर, बांका और झारखंड, दूसरी तरफ नवाछिया, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा के बीच जीवनरेखा कही जाती है। भागलपुर के जिला मजिस्ट्रेट नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पहले रविवार रात करीब 11.55 बजे पुल संख्या 133 में कुछ दिक्कत सामने आई थी, जिसके बाद तड़के 1.07 बजे पुल का पूरा हिस्सा ढह गया। घटना के बाद 4.7 किलोमीटर लंबा पुल 2 हिस्सों में बंट गया। अलर्ट जारी होने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

रिपोर्ट के मुताबिक, विक्रमशिला पुल को तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल के दौरान 2001 में खोला गया था। इस पुल की मरम्मत और रखरखाव बिहार सड़क निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग इकाई और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड भागलपुर करती है। इस पुल पर रोजाना 1 लाख से अधिक लोगों का आना-जाना है। पुल गिरने की जांच शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal