दुश्वारियां: बैंक शाखा में पर्याप्त स्टाफ न होने से बैंकिंग सेवाओं में भारी असुविधा; ग्रामीण परेशान
विकासनगर। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत क्वांसी स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में कर्मचारियों की भारी कमी के चलते स्थानीय ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए भी लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जबकि कई बार उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इस शाखा में लंबे समय से न तो पर्याप्त कर्मचारी तैनात हैं और न ही नियमित बैंक मैनेजर की व्यवस्था की गई है। परिणामस्वरूप जमा-निकासी, पासबुक अपडेट, पेंशन, सरकारी योजनाओं से जुड़े लेनदेन और अन्य आवश्यक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।पुनाह पोखरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य सरदार सिंह चौहान, विजयपाल सिंह, अजवीर सिंह, महावीर सिंह, प्रीतम सिंह, प्रताप सिंह समेत कई स्थानीय निवासियों ने बताया कि बैंक में स्टाफ की कमी के कारण रोजाना लोगों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। खासतौर पर बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों को अधिक कठिनाई उठानी पड़ती है।ग्रामीणों का कहना है कि यह शाखा आसपास के करीब सात खतों के सैकड़ों लोगों के लिए एकमात्र प्रमुख बैंकिंग केंद्र है। ऐसे में यहां कर्मचारियों की कमी का सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बैंक में पर्याप्त स्टाफ और स्थायी मैनेजर की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने संबंधित विभाग और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण शाखा में तत्काल प्रभाव से कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।ग्रामीणों ने प्रशासन और बैंक के उच्च अधिकारियों से अपील की है कि समस्या की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे आमजन को सुचारू और समय पर बैंकिंग सेवाएं मिल सकें।

