आवाज़: सतपुली-चाई मार्ग पर जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे ग्रामीण

आवाज़: सतपुली-चाई मार्ग पर जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे ग्रामीण
Spread the love

 

कोटद्वार।  जयहरीखाल विकासखंड के सतपुली-भिताड़ा-चाई मोटर मार्ग पर भिताड़ा पुल से चाई गांव तक मोटर मार्ग की हालत काफी बदहाल है। कई जगह संकरी सड़क पर गड्ढे होने से राहगीर जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर हैं। मार्ग पर भिताड़ा पुल के पास मोटर मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बेहद संकरा होने से दुर्घटना का अंदेशा बना है। ग्रामीण काफी समय से मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने लोनिवि मंत्री को ज्ञापन भेजकर बताया कि भिताड़ा पुल से एक किमी आगे तक के पैच पर अत्यधिक चढ़ाई के कारण मार्ग इस स्थान पर काफी संवेदनशील और खतरनाक हो चुका है। इस पैच के निरीक्षण में एआरटीओ कोटद्वार ने लोनिवि के अधिकारियों एक वर्ष पूर्व सुधारीकरण के निर्देश दिए थे लेकिन दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग के पैच की बदहाल हालत को देखते हुए तत्काल सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज से की है। ग्राम प्रधान गढ़कोट नरेंद्र सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य किमार किरण रौतेला, ग्राम प्रधान कांडा सुरेश चंद्र, सोनी ध्यानी, मनीष सिंह रौतेला, मदन सिंह पंवार व मुकेश सिंह बिष्ट आदि ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। उधर, लोनिवि का कहना है कि जयहरीखाल-भिताड़ा-चाई तक 18.5 किमी सड़क पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित करने की कार्यवाही गतिमान है। हस्तांतरित होने के बाद पीएमजीएसवाई से ही मार्ग की मरम्मत और सुधारीकरण होगा।

(प्रतीकात्मक फोटो)

Parvatanchal