ख़ौफ़: जंगल में घास लेने गयी महिला को बाघ ने बनाया निवाला, पूरे इलाके में फैली दहशत
नैनीताल। जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में जंगल में घास लेने गई 50 वर्षीय महिला को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है । सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम इस मामले में जांच कर रही है।
ग्रामप्रधान शेखर चन्द्र के अनुसार 50 वर्षीय हेमा देवी रोज की तरह जंगल में घास लेने गई थी। जंगल गई महिलाओं ने बताया कि महिला को बाघ ने मार दिया है। जंगल में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि उस पर वन्यजीव ने हमला किया। यह कोई पहली घटना नहीं है। क्षेत्र के चोपड़ा व अन्य क्षेत्रों में पहले भी इस तरह के कई हमले हो चुके हैं जिससे ग्रामीणों में लंबे समय से भय बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाने से लोगों में आक्रोश भी पनप रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है।
इस घटना के बाद ज्योलीकोट और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा है। जंगल अब लोगों के लिए जीवनयापन का साधन नहीं बल्कि मौत का खतरा बनते जा रहे हैं।
डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

