आवाज़: कोल्ड स्टोरेज नहीं होने से किसानों को हो रहा नुकसान, सुनने को राजी नहीं है प्रशासन

आवाज़: कोल्ड स्टोरेज नहीं होने से किसानों को हो रहा नुकसान, सुनने को राजी नहीं है प्रशासन
Spread the love

विकासनगर।  जौनसार बावर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा नहीं होने से स्थानीय किसानों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती है। जिसके चलते उनकी फसलें या खराब होती हैं या फिर उन्हें अपनी फसलें कम कीमतों में बाजार में बेचना पड़ता है। किसानों की ओर से कई बार कोल्ड स्टोर स्थापित करने की मांग की गई है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया। बरसात में अक्सर क्षेत्र की अधिकांश सड़कें बंद होने के कारण फसलें घर में ही खराब हो जाती हैं। किसान महावीर रावत, महाबल नेगी, नरेश रावत, सरदार सिंह, बहादुर सिंह, शूरवीर सिंह आदि का कहना है कि जनजाति क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा नहीं है, जबकि जौनसार बावर की आर्थिकी का मुख्य स्रोत कृषि है। यहां बड़ी संख्या में किसान हैं, जो अपनी नगदी फसलों को बेचने साहिया, विकासनगर, देहरादून, सहारनपुर आदि मंडियों में जाते है। किसानों का कहना था कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आलू, अरबी, अदरक, गोभी, शिमला मिर्च, मटर, टमाटर के साथ ही सेब, आड़ू, खुमानी, नाशपती सहित कई नगदी और अन्य पारंपरिक फसलों का उत्पादन होता है। किसानों ने चिंता जताई कि बरसात के दौरान सड़कें बंद हो जाने से उनकी फसल समय से मंडी नहीं पहुंचती है। बंद मार्गों के चलते कई बार फसलें घर या फिर खेत में बर्बाद हो जाती हैं। इसके साथ ही कई बार किसानों को अपनी फसलें बहुत ही कम कीमत पर बेचनी पड़ती है। चिंता जताई कि कोल्ड स्टोरेज की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान होता है। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा मुहैया होगी तो किसान अपनी फसल सुरक्षित रखकर दाम बढ़ने पर फसल बेचकर अधिक मुनाफा कमा सकेंगे। किसानों का कहना है कि पिछले कई सालों में सरकार से कोल्ड स्टोरेज की मांग की गई है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं गया है। उधर, एसडीएम प्रेम लाल ने बताया कि किसानों की समस्या को उचित माध्यम तक पहुंचाया जाएगा।

Parvatanchal