कामयाबी: पुलिस ने चोरी की छह बाइकों समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
काशीपुर। कोतवाली पुलिस ने चोरी की छह बाइकों संग दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली क्षेत्र से बीते दिनों बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे को कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने पुलिस टीम का गठन किया था। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुद्वारे के पीछे, ईदगाह के सामने दो युवकों को पकड़ लिया। जिनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहल्ला भूप सिंह, जसपुर निवासी रितेश कुमार उर्फ निक्का पुत्र तेजपाल सिंह व आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के पशुपति विहार कालोनी निवासी विशाल दिवाकर उर्फ कालू पुत्र स्व. रघुवीर दिवाकर बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह चोरी की बाइक बरामद की। एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि बरामद चोरी की दो बाइक का मुकदमा कोतवाली में दर्ज है। टीम में कटोराताल चौकी इंचार्ज कौशल भाकुनी, एसआई सौरभ भारती, गिरीश चंद्र, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, महेंद्र सिंह देवड़ी, दीपक जोशी, देवानंद शामिल रहे।
चैती मेला में तमंचे के साथ एक गिरफ्तार
दूसरी ओर पुलिस ने चैती मेला नखासा बाजार क्षेत्र से एक युवक को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। शनिवार को चैती मेला थाना प्रभारी पंकज कुमार ने टीम के साथ चैती मेला, नखासा बाजार से एक युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। वहीं पैगा चौकी पुलिस ने फरार चल रहे एक वारंटी ग्राम खाईखेड़ा, कोतवाली आईटीआई निवासी मुख्त्यार सिंह पुत्र गुरदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
